ताज़ा ख़बर

निलंबन के बाद बोले कीर्ति आज़ाद, 'अब बताता हूं'

नई दिल्ली। भाजपा सांसद कीर्ति आज़ाद ने ख़ुद को पार्टी से निलंबित किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और चेतावनी देने वाले अंदाज़ में ये भी कहा है कि 'आगे आगे देखिए क्या होता है'। उन्होंने कहा, "बड़ी ख़ुशी की बात है कि भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ लड़ने वाले को भारतीय जनता पार्टी ने निलंबित किया है।" इससे पहले, भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कीर्ति आज़ाद के निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि डीडीसीए विवाद में कीर्ति आज़ाद ने जेटली के ख़िलाफ़ जिन शब्दों का इस्तेमाल किया, वो दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन कीर्ति आज़ाद ने कहा कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया है, बल्कि वो तो डीडीसीए में भ्रष्टाचार के मुद्दे को बरसों से उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैंने तो इतना कहा कि उनके रहते हुए भी (नियमों का) उल्लंघन हुआ, और इतना ज़्यादा हुआ।" जब कीर्ति आज़ाद से निलंबन के बाद अगले कदम के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "अब मैं बताता हूं सबको। देखिए आगे आगे क्या होता है।" कीर्ति आज़ाद ने पिछले दिनों एक प्रेस कांफ्रेस कर कहा कि बतौर दिल्ली क्रिकेट संघ (डीडीसीए) अध्यक्ष जेटली के कार्यकाल में फर्जी कंपनियों को भुगतान किया गया था। शाहनवाज़ ने कहा कि कीर्ति आज़ाद की बातों और ट्वीट से कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को भाजपा पर हमला करने का मौक़ा मिला। आम आदमी पार्टी ने भी वित्त मंत्री जेटली पर डीडीसीए में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुण जेटली का बचाव करते हुए कहा कि वो इस मामले में बेदाग निकलेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस मामले में कीर्ति आज़ाद के साथ खड़े दिख रहे हैं। उन्होंने ट्वीट किया, "कीर्ति आज़ाद का क़सूर था कि उन्होंने भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई। आज भाजपा पूरी तरह एक्सपोज़ हो गई. भाजपा पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी।"  
आजाद के निलंबन पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला 
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कीर्ति आजाद के भाजपा से निलंबन के मद्देनजर आज भाजपा पर निशाना साधा और सवाल किया कि क्या अगला नम्बर शत्रुघ्न सिन्हा का होगा। सिंह ने ट्विटर पर लिखा, ‘कीर्ति आजाद को भाजपा से निलंबित किया गया। उनका अपराध? डीडीसीए में भ्रष्टाचार के मुद्दे को तथ्यों के साथ उठाया।’ उन्होंने लिखा, ‘भाजपा में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाने वालों का क्या यही हश्र होगा? पहले जेठमलानी और अब कीर्ति। अगले शत्रुघ्न सिन्हा?’ कांग्रेस की ओर से यह प्रतिक्रिया तब आयी जब भाजपा सांसद एवं पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने वित्त मंत्री अरूण जेटली पर दिल्ली किक्रेट निकाय डीडीसीए में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर सार्वजनिक रूप से निशाना साधने के लिए आज निलंबित कर दिया। कांग्रेस प्रवक्ता गौरव गोगोई ने भी ट्वीट किया, ‘भ्रष्टाचार को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करना कहां है? प्रधानमंत्री मोदी आरोपियों को बचा रहे हैं। पहले व्यापम के, उसके बाद ललित मोदी और पीडीएस घोटाला। अब डीडीसीए घोटाला।’
  • Blogger Comments
  • Facebook Comments

0 comments:

Post a Comment

आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।

Item Reviewed: निलंबन के बाद बोले कीर्ति आज़ाद, 'अब बताता हूं' Rating: 5 Reviewed By: newsforall.in