ताज़ा ख़बर

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बोले पीएम, कहा- चुनाव जीतना एकमात्र लक्ष्य नहीं

यह भी पढ़ेंः  शाह ने वंशवाद को लेकर राहुल पर साधा निशाना 
नई दिल्ली। भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि चुनाव जीतना हमारा एकमात्र लक्ष्य नहीं है, पार्टी को इससे आगे ले जाना चाहिए। हमारे लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है जिसके लिए हम काम करते रहेंगे। विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सत्ता उनके (विपक्ष) लिए उपभोग थी, अब विपक्ष में कैसे रहें वे समझ नहीं पा रहे हैं। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने प्रधानमंत्री के संबोधन के बारे में संवाददाताओं को बताते हुए कहा कि मोदी ने राजनीति में वंशवाद पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीति में मेरा कोई संबंधी नहीं है। लोकतंत्र को जन भागीदारी से जोड़ते हुए और आगे लेकर जाना होगा जिससे गरीबों के जीवन में बदलाव आए। जेटली के मुताबिक, पीएम ने कहा कि जब विपक्ष के पास कोई स्पष्ट आरोप नहीं होते हैं तो वे कड़वाहट वाले शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। बकौल वित्तमंत्री, भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में कोई समझौता नहीं हो सकता है। भ्रष्टाचार में कोई भी पकड़ा जाएगा वह बचेगा नहीं। भाजपा कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए मोदी ने कहा कि चुनाव लड़ना, चुनाव जीतने का काम तो चलता रहता है। पार्टी में जनता ने जो विश्वास जताया है उसको एक साधन मानते हुए काम करें। राजनीतिक संगठन के नाते चुनाव पार्टी का एक हिस्सा है लेकिन आप लोग, भाजपा को इससे आगे ले जाएं। इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ाएं। जब तक राजनीतिक कार्यकर्ता जन भागीदारी में हिस्सा नहीं लेते, तब तक कोई कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ सकता है। कार्यकारिणी की बैठक के बारे में बताते हुए जेटली ने कहा कि इसमें देश के 13 मुख्यमंत्री, छह उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों सहित कई पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
अमित शाह ने वंशवाद को लेकर राहुल गांधी पर साधा निशाना
मिशन 2019 की तैयारी में जुटी भाजपा के मुख्य निशाने पर कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी हैं। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की शुरुआत में ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राहुल गांधी के वंशवाद के बयान पर तीखा हमला किया है। शाह ने कहा है राहुल गांधी देश की गरिमा व उपलब्धियों को नकार रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च पदों पर जो लोग बैठे हैं वे किसी वंशवाद से नहीं आए हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ने जिस तरह से वंशवाद को अनिवार्य बताया भाजपा उसकी निंदा करती है। भाजपा सुशासन में विश्वास करती है. इस देश में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री हों या स्पीकर अपने काम के आधार पर सर्वोच्च पदों पर गए हैं। भाजपा प्रदर्शन की राजनीति को आधार बनाएगी। केरल में भाजपा व संघ कार्यकर्ताओं पर हो रहे हिंसक हमलों के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता 3 अक्तूबर से 17 अक्तूबर तक केरल में यात्रा करेंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इस यात्रा की शुरुआत करेंगे और बाद में कई केंद्रीय नेता इसमें शामिल होंगे। शाह ने कहा है कि हिंसा का कीचड़ कोई कितना ही फैलाए, भाजपा का कमल खिलेगा। कार्यकारिणी में एक ही प्रस्ताव रखा गया। इसमें सुरक्षा से लेकर आर्थिक स्थिति तक का जिक्र किया गया है। जीएसटी को दीर्घकालिक बड़ा सुधार करार देने के साथ इसे गरीब कल्याण से जोड़ा गया। प्रस्ताव में कहा गया है कि अर्थव्यवस्था सुधर रही है, विकास के काम हो रहे हैं। बैठक में नोटबंदी से लेकर आतंकवाद पर कड़े प्रहार तक और जीएसटी से लेकर डोकलाम तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की गई। प्रस्ताव में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने कूटनीति से डोकलाम विवाद को हल करने में सफलता हासिल की।
  • Blogger Comments
  • Facebook Comments

0 comments:

Post a Comment

आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।

Item Reviewed: भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बोले पीएम, कहा- चुनाव जीतना एकमात्र लक्ष्य नहीं Rating: 5 Reviewed By: newsforall.in