बांदा-चित्रकुट। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले ही कांग्रेस ने अपनी हार स्वीकार करते हुए मान लिया है कि केंद्र में अगली सरकार उसकी नहीं बनने जा रही है। कांग्रेस की कमजोरी की वजह से देश में भाजपा जैसी साम्प्रदायिक पार्टी मजबूत हुई है। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उमामीदवार नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी चाहे जितनी मेहनत कर लें उनका पीएम बनने का सपना पूरा नहीं होगा। देश की जनता ने तय कर लिया है कि केंद्र में अगली सरकार तीसरे मोर्चे की बनेगी। तीसरे मोर्चे की सरकार में समाजवादी पार्टी की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
बांदा-चित्रकूट लोकसभा सीट से सपा उम्मीदवार बालकुमार पटेल के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि कहा कि आज की राजनैतिक परिस्थितियों को देखते हुए यह तय है कि केंद्र में तीसरे मोर्चे की सरकार बनने जा रही है। जिसमें समाजवादी पार्टी की अहम भूमिका होगी। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा में से किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलने वाला है। देश के ज्यादातर राज्यों में तीसरे दलों की जीत होगी। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और बसपा का कहीं अता-पता नहीं है। सूबे में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधी लड़ाई है। लोग सपा सरकार के कामकाज से बेहद खुश हैं। लोगों ने तय कर लिया है कि वे एकजुट होकर सपा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक उत्तर प्रदेश में तीन चरणों के चुनाव हो चुके हैं। हमें जो सूचनाएं मिल रही हैं उनके मुताबिक हर चरण में सपा की सीटें बढ़ रही हैं।
अपने 26 मिनट के भाषण की शुरुआत में समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने भावुक होते हुए कहा कि मैं किन परिस्थितियों में यहां आया हूं, आप जानते और समझते हैं। आप लोगों का अपनापन और प्यार हमें आपके बीच ले आया। उल्लेखनीय है कि शनिवार की देर रात सपा प्रमुख के बड़े भाई रतन सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। जिसके बाद रविवार को सपा प्रमुख ने अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा का यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है।यह चुनाव देश की दशा और दिशा तय करेगा। देश के सामने बहुत सारी चुनौतियां हैं। यूपीए सरकार इन चुनौतियों का मुकाबला करने में पूरी तरह नाकामयाब रही है। यूपीए सरकार सभी मोर्चों पर असफल रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों का कोई भी पार्टी मुकाबला नहीं कर सकती है। सपा की नीटियों पर चलकर ही देश का समुचित विकास किया जा सकता है। समाजवादी पार्टी का लक्ष्य समाज के सबसे कमजोर शख्स के चेहरे पर मुस्कान लाना है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा कि केंद्र में समाजवादी पार्टी की भागीदारी में सरकार बनने पर संपूर्ण शिक्षा और गंभीर से गंभीर रोगों का इलाज मुफ्त किया जाएगा। जिस देश के लोग शिक्षित और स्वस्थ होते हैं वह देश मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण के लिए दाम बांधो नीति को लागू किया जाएगा। सरकार नियम बनाएगी कि किसी भी कीमत पर किसान की जमीन नीलाम नहीं होगी। मुसलमानों की हालत को सुधारने के लिए उन्हें विशेष अवसर देकर आगे बढ़ाया जाएगा। सच्चर कमेटी की सिफारिशों को लागू किया जाएगा। भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में देश में महंगाई की असली वजह फिजूलखर्ची, शौकीनी और अय्याशी है। भ्रष्टाचार, लूट-खसोट, कमीशनखोरी से कुछ लोगों ने इतना पैसा कमा लिया है कि अब वे अनाप-शनाप तरीके से खर्च कर रहे हैं।
0 comments:
Post a Comment
आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।