लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी की चुनावी जनसभाओं में कहा कि भाजपा प्रचार कार्य में भले ही आगे हो, वोट हासिल करने में समाजवादी पार्टी ही आगे रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों के बजाय उद्योगपतियों को जोड़ने का कार्य करती रही है। भाजपा का घोषणा पत्र एक धोखा पत्र है। उन्होंने देश में सर्वाधिक शासन करने वाली कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गलत आर्थिक व विदेश नीति के कारण देश काफी पिछड़ गया। उन्होंने कहा कि इन दोनों ही पार्टियों से देश की जनता तंग आ चुकी है। अब तीसरे मोर्चे की सरकार मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में बनेगी।
अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार प्रदेश के विकास को गति प्रदान दे रही है, जिसके चलते मात्र दो वर्षों में अपने चुनावी वादों को तेजी से पूरा किया है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने पूर्ववर्ती बसपा सरकार की भांति जनता की गाढ़ी कमाई को मूर्तियों और स्मारकों में बर्बाद नहीं किया बल्कि जनता के हित से जुड़े फैसले लेकर जनता का पैसा जनता को लौटाया है। सपा सरकार की बेरोजगारी भत्ता, कन्या विद्या धन योजना, दसवीं पास अल्पसंख्यक बेटियों के लिए हमारी बेटी उसका कल आदि योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश सरकार ने जनता को लाभान्वित करने का काम किया। ऐसी योजनाएं अन्य किसी राज्य सरकार द्वारा नहीं चलाई गई हैं। उन्होंने कहा कि लैपटॉप वितरित कर समाजवादी सरकार ने उच्च शिक्षा में व्याप्त गैर बराबरी को खत्म करने का काम किया। पूरे देश में किसी भी सरकार द्वारा आज तक यह नहीं किया गया।
0 comments:
Post a Comment
आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।