नई दिल्ली। हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर मीडिया में आई खबरों को लेकर पार्टी ने नाराजगी जताई है। लोकतांत्रिक परंपराओं का हवाला देते हुए पार्टी ने कहा है कि सार्वजनिक और व्यक्तिगत जीवन में अंतर किया जाना चाहिए। सभी को इसका सम्मान करना चाहिए।
पार्टी के राष्ट्रीय सचिव प्रणव झा ने कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए कहा कि कुछ लोग कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर विवाद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता का सम्मान हमेशा होता रहा है। इसका सम्मान किया जाना चाहिए। झा ने कहा कि उन सभी व्यक्तियों और संस्थाओं को इस परंपरा का सम्मान करना चाहिए, जो लोग नेताओं की यात्राओं को सार्वजनिक करने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी के ट्वीट का हवाला देते हुए पार्टी सचिव ने कहा कि उनके रुख को ही पार्टी का आधिकारिक रुख माना जाए। सिंघवी ने रविवार को ट्वीट कर कहा था कि किसी इंसान के व्यक्तिगत जीवन को उसके सार्वजनिक जीवन से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। हमें हर किसी की निजता और आजादी की भावना का सम्मान करना चाहिए। आखिरकार यही तो एक प्रगतिशील और उदार लोकतंत्र की पहचान है।
कांग्रेस ने अर्थव्यवस्था को लेकर एक बार फिर सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि अर्थव्यवस्था में निवेशकों का विश्वास टूट गया है। आरबीआई की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इस वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में वाणिज्यक क्षेत्र में धन का प्रवाह 88 फीसदी तक कम हुआ है। इसकी वजह से आर्थिक गतिविधयों लगभग थम गई है। इस बारे में सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है।
0 comments:
Post a Comment
आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।