ताज़ा ख़बर

कांग्रेस अध्यक्ष के लिए देवड़ा ने सुझाया पायलट और सिंधिया का नाम, कर्ण सिंह ने की प्रियंका की वकालत

मुंबई/नई दिल्ली। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष वरिष्ठ कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने रविवार को अगले कांग्रेस अध्यक्ष के लिए दो नाम सुझाए। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट और ज्योतिरादित्य सिंधिया पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सबसे मुफीद हैं। वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कर्ण सिंह ने अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका के नाम की वकालत की है। देवड़ा ने कहा कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की इस बात से सहमत हैं कि कांग्रेस पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा और योग्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नया अध्यक्ष चुनावी, प्रशासनिक और सांगठनिक अनुभव रखता हो। उन्होंने कहा कि मेरे विचार से सचिन पायलट और ज्योतिरादित्य सिंधिया में ये सभी योग्यताएं हैं और वह संगठन को ताकत देने के साथ विपक्ष में जोश भर सकते हैं। खुद को इस पद की दौड़ से अलग करते हुए देवड़ा ने कहा कि मैं अपनी क्षमताएं जानता हूं और पार्टी के हित में किसी के भी साथ काम करने के लिए तैयार हूं। देवड़ा ने कहा कि कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुनने में हो रही दे रही से पार्टी को नुकसान पहुंच रहा है। दोनों के नामों की वकालत करते हुए देवड़ा ने कहा कि पायलट का सिंधिया को कम से कम अंतरिम अध्यक्ष बनाना चाहिए। गांधी परिवार को सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन करना चाहिए। इस सवाल पर कि अगर पार्टी पायलट या सिंधिया से इतर किसी अन्य को अध्यक्ष बनाती है, देवड़ा ने कहा कि अगर पार्टी सामूहिक रूप से किसी का चयन करती है तो मैं उसकी समझ का सम्मान करूंगा। लेकिन, अगर पार्टी या जनता मेरे आकलन से सहमत है तो मुझे आश्चर्य होगा। नए अध्यक्ष को तय करने पर पार्टी में अस्पष्टता के सवाल पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को उसे वोट देने वाले 13 करोड़ मतदाताओं के विश्वास का सम्मान करना चाहिए और निर्णायक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी पर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह उचित वक्त है कि हमें पार्टी के तौर पर हमारे नेतृत्व से सामूहिक रूप से अपील करनी चाहिए। मेरे विचार से, हमें काडर में जोश भरना चाहिए और फिर से मतदाताओं को आकर्षित करना चाहिए। राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस की कमान सौंपे जाने की उठती मांग के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता कर्ण सिंह ने कहा है कि प्रियंका पार्टी प्रमुख के रूप में सबको एकजुट करने वाली ताकत होंगी और इससे पार्टी कार्यकतार्ओं में उत्साह का संचार होगा। कांग्रेस नेता ने पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर द्वारा हाल में व्यक्त किए गए इस विचार से सहमति जताई कि किसी युवा नेता को पार्टी अध्यक्ष बनाना अधिक उपयुक्त होगा। सिंह ने यह भी कहा कि नेतृत्व मुद्दे पर निर्णय न होने से कांग्रेस को निश्चित रूप से नुकसान पहुंचा है। उन्होंने आगाह किया कि आगे और नेतृत्वविहीन रहना पार्टी के लिए गंभीर रूप से हानिकारक होगा। पार्टी में अनिर्णय की स्थिति से चकित सिंह ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) में कुछ अत्यंत वरिष्ठ लोग हैं और उन्हें पहले ही एक साथ आगे आना चाहिए था और राहुल गांधी के इस्तीफे से उत्पन्न स्थिति को लेकर कुछ करना चाहिए था। इस बीच, पार्टी ने रविवार को घोषणा की कि 10 अगस्त को सीडब्ल्यूसी की बैठक होगी। पार्टी ने पूर्व में कहा था कि सीडब्ल्यूसी की बैठक अगले बुधवार को समाप्त हो रहे संसद सत्र के बाद होगी।प्रियंका गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की पार्टी के भीतर उठती मांग के बारे में पूछे जाने पर कर्ण सिंह ने कहा कि यह प्रियंका का फैसला होगा और यदि वह जिम्मेदारी उठाने को सहमत होती हैं तो वह इसका स्वागत करेंगे। सिंह ने कहा कि निर्णय उन्हें (प्रियंका) लेना है और पार्टी अध्यक्ष का पद संभालने के लिए उन्हें बाध्य नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए और यह विचार करते हुए कि वह इस परिवार से संबंध रखती हैं, वह संभवत: सबको एकजुट करने वाली ताकत होंगी। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक से पहले वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने रविवार को कहा कि सीडब्ल्यूसी को पहले एक अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त करना चाहिए और इसके बाद शीर्ष नेतृत्व के लिए आंतरिक चुनाव कराने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह से सभी चिंताएं दूर हो जाएंगी। थरूर का यह बयान सीडब्ल्यूसी द्वारा 10 अगस्त को बैठक का एलान करने के कुछ घंटों बाद आया। बता दें कि कांग्रेस ने कहा था कि सीडब्ल्यूसी की बैठक 10 अगस्त को आॅल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के मुख्यालय में होगी। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष के लिए बड़ा फैसला लिए जाने की उम्मीद है। एआईपीसी (आॅल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस) की दूसरी सालाना बैठक की अध्यक्षता कर रहे थरूर ने कहा कि जब हमने राहुल गांधी से बात की थी, उन्होंने कहा था कि जिम्मेदारी लेने की संस्कृति होनी चाहिए। यदि राहुल गांधी ने ऐसा किया है तो यह सबके लिए ठीक है। यह नियम किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं है।
  • Blogger Comments
  • Facebook Comments

0 comments:

Post a Comment

आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।

Item Reviewed: कांग्रेस अध्यक्ष के लिए देवड़ा ने सुझाया पायलट और सिंधिया का नाम, कर्ण सिंह ने की प्रियंका की वकालत Rating: 5 Reviewed By: newsforall.in