नई दिल्ली। भाजपा सांसद मनोज तिवारी को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार (30 दिसंबर) को दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया और नित्यानंद राय बिहार इकाई के अध्यक्ष बनाए गए हैं। तिवारी ने सतीश उपाध्याय की जगह ली है और राय ने मंगल पांडे की जगह ली है। पूर्व अध्यक्षों का कार्यालय बहुत पहले ही समाप्त हो चुका था और बीते कई महीनों से नई नियुक्तियां लंबित थीं। राय, यादव समुदाय से आते हैं। यह वही समुदाय है जिस पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की अच्छी पकड़ है।उनकी नियुक्ति को सवर्णों से इतर समुदायों के बीच पैठ बनाने के भाजपा के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। खासतौर पर इसे जातियों के प्रति संवेदनशील राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग को लुभाने की कोशिश माना जा सकता है जहां पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जदयू और राजद के गठजोड़ ने करारी शिकस्त दी थी। मनोज तिवारी नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली से सांसद भी हैं। अबतक सतीश उपाध्याय दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष थे। उन्हें हटाकर मनोज तिवारी को लाया जा रहा है। गौरतलब है कि जुलाई 2014 में सतीश को दिल्ली बीजेपी का अध्यक्ष चुना गया था। लेकिन 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी बुरी तरह फेल रही। तब से ही सतीश की कुर्सी पर तलवार लटक रही थी। वहीं तिवारी को चुनने की वजह यह हो सकती है कि बिहार और उत्तर प्रदेश के दिल्ली में रह रहे प्रवासियों में उनकी अच्छी फैन फॉलोइिंग है। उसी के दमपर उन्होंने पहली ही बार में लोकसभा सांसद का चुनाव जीत लिया था।
0 comments:
Post a Comment
आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।