करनाल (हरियाणा)। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा किसानों के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को जमकर लूटने में लगी है। वहीं जाट नेता हवा सिंह सांगवान की ओर से मुख्यमंत्री खट्टर को पाकिस्तानी बताने पर हुड्डा ने कहा कि वो हरियाणावी हैं। इस दौरान हुड्डा ने किसानों और आढ़तियों की समस्याओं को भी सुना। किसानों ने अपना दुखड़ा रोते हुए कहा कि हुड्डा साहब किसानों को बचा लो। हुड्डा ने इस दौरान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अंधेर नगरी चैपट राजा जैसा हाल है।
दरअसल हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा करनाल की नई अनाज मंडी का दौरा करने पहुंचे थे। जहां उन्होंने किसानों और आढ़तियों की समस्याएं सुनी। किसानों को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान और व्यापारी वर्ग पूरी तरह उपेक्षा का शिकार है। किसानों को अपनी उपज का सही दाम नहीं मिल रहा है, जिसके चलते किसान अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं। जो हालत वर्तमान सरकार ने किसानों की कर दी है, उससे प्रदेश के लोग फिर से कांग्रेस शासन को याद करने लगे हैं जब किसानों को उनकी उपज का पूरा दाम मिलता था और हर किसान खुशहाल था। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज किसान की कृषि लागत भी पूरी नहीं हो पा रही है, जिससे किसान खेती से विमुख होते जा रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि अगर यही हालत रही तो प्रदेश में भुखमरी की हालत पैदा हो जाएगी। उन्होंने कहा कि आज किसान के साथ साथ आढ़ती भी सरकार की दोहरी मार से परेशान हैं। एक और टैक्सों का बोझ और दूसरी तरफ अधिकारीयों की मनमानी से आढ़तियों का काम करना दुभर होता जा रहा है।
हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने अच्छे दिनों का वादा कर सत्ता तो हथिया ली है, लेकिन अब उसने अपना असली चेहरा दिखाना शुरू कर दिया है। हुड्डा ने आरोप लगाया कि जिन्होंने कभी खेती नहीं की, वो आज किसानों के लिए नीतियां तैयार कर रहे हैं। हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार के इस बचकाने रवैये से किसान आज बर्बादी की कगार पर पहुंच चुका है। हुड्डा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाली सात तारीख को बिजली के बढ़े हुए रेट को लेकर विद्युत विभाग कार्यालय पंचकुला के सामने धरना देंगे। पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने कहा कि हमारी सरकार में जो धान के भाव तीन से चार हजार रुपए मिलते थे जबकि आज धान मंडी में 1,100 से 1,200 रुपए बिक रही है। हुड्डा ने आरोप लगाया कि किसानों को धान का सरकारी रेट भी नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि आने वाली 26 तारीख को हरियाणा सरकार का एक साल पूरा हो रहा है। खट्टर सरकार का एक साल पूरा होने के एक या दो दिन बाद चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता कर भाजपा सरकार की पोल खोलेंगे। हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले चुनावों के दौरान अपने घोषणा पत्र में जो वादे किये थे, उन्हें पूरा किया जाए।
0 comments:
Post a Comment
आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।