ताज़ा ख़बर

उत्तराखंड में भाजपा को लगा करारा झटका, तीनों सीटों पर कांग्रेस विजयी

देहरादून। उत्तराखंड की तीनों विधानसभा सीटों धारचूला, डोइवाला और सोमेश्वर पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की है। शुक्रवार को वोटों की गिनती के बाद नतीजों की घोषणा की गई। उपचुनाव नतीजे को भारतीय जनता पार्टी के लिए एक बड़ा धक्का कहा जा सकता है जबकि कांग्रेस और ख़ासकर मुख्यमंत्री हरीश रावत के लिए एक बड़ी सफलता कही जा सकती है। धारचूला कांग्रेस की सीट थी लेकिन बाक़ी दो डोइवाला और सोमेश्वर भारतीय जनता पार्टी के पास थी जिसे कांग्रेस ने उपचुनाव के बाद जीत लिया है। धारचूला सीट से कांग्रेस नेता और सीएम हरीश रावत ने जीत दर्ज की है। रावत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के बीडी जोशी को पराजित किया। डोइवाला से कांगेस नेता हीरा सिंह बिष्टत ने जीत दर्ज की। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री निशंक पोखरियाल के लोकसभा सांसद चुने जाने के कारण ये सीट ख़ाली हुई थी। जबकि सोमेश्वर से कांग्रेस की रेखा आर्या ने जीत हासिल की है। ये सीट भी भाजपा के अजय टमटा के लोकसभा सांसद चुने जाने के कारण ख़ाली हुई थी। ग़ौरतलब हो कि सोमवार 21 जुलाई को इन तीनों सीटों पर उपचुनाव कराया गया था। तीनों सीटों में क़रीब 50 फीसदी मतदान हुए थे। कहा जा रहा है कि उत्तराखंड विधान सभा उपचुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी फैक्टर पूरी तरह से फेल हो गया वहीं कांग्रेस ने बाजी मार ली है। लोकसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद विभिन्न राज्यों में मुश्किल दौर से गुजर रही कांग्रेस को आज उत्तराखंड से खुशखबरी मिली जहां मुख्यमंत्री हरीश रावत की अगुवाई में पार्टी ने विधानसभा उपचुनाव में तीनों सीटों पर भाजपा को पटखनी देते हुए जीत हासिल की। दिलचस्प बात यह रही कि हाल में हुए लोकसभा चुनावों में मोदी लहर के चलते प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटें गंवाने वाली कांग्रेस ने धारचूला के अलावा अन्य दोनों विधानसभा सीटें भाजपा के कब्जे से छीनी हैं। प्रदेश की मुख्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूडी ने बताया कि धारचूला विधानसभा सीट से बतौर कांग्रेस प्रत्याशी मुख्यमंत्री रावत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के बीडी जोशी को 29604 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। रावत को जहां 31214 वोट हासिल हुए वहीं जोशी को उसके केवल एक तिहाई 10610 मत पड़े। डोइवाला से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने पूर्व कृषि मंत्री और भाजपा उम्मीदवार त्रिवेंद्र सिंह रावत को 6512 मतों के अंतर से हराया। बिष्ट को जहां 35980 वोट मिले, वहीं रावत को 29468 मत मिले। सोमेर (सुरक्षित) सीट पर ऐन चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुई रेखा आर्य ने भाजपा प्रत्याशी मोहनराम आर्य को 10045 मतों से हराया। रेखा को 23241 वोट हासिल हुए वहीं आर्य के पक्ष में केवल 13196 मत पड़े। तीनों विधानसभा सीटें जीतना प्रदेश की कांग्रेस सरकार के साथ ही मुख्यमंत्री के लिये भी काफी अहम है। इसी साल एक फरवरी को राज्य के मुख्यमंत्री का पद संभालने वाले रावत को छह माह के भीतर यानी आगामी 31 जुलाई तक राज्य विधानसभा का निर्वाचित सदस्य बनना संवैधानिक बाध्यता थी।
  • Blogger Comments
  • Facebook Comments

0 comments:

Post a Comment

आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।

Item Reviewed: उत्तराखंड में भाजपा को लगा करारा झटका, तीनों सीटों पर कांग्रेस विजयी Rating: 5 Reviewed By: newsforall.in