फैजाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कई मौकों पर देश के मान-सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई है। कांग्रेस की वजह से कई बार देश को अपमानित होना पड़ा है। कांग्रेस सरकार के ढुलमुल और लचर रवैये की वजह से चीन ने भारत पर हमला किया और लाखों हेक्टेयर जमीन पर कब्जा कर लिया। तत्कालीन प्रधानमंत्री पं.जवाहर लाल नेहरू को इससे गहरा सदमा लगा था। जिससे बाद में उनकी मौत हो गयी थी। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू को कोई बीमारी नहीं थी। चीन की वजह से पंडित नेहरू की मौत हुई थी।
फैजाबाद लोकसभा सीट से सपा उम्मीदवार मित्रसेन यादव के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि सबसे ज्यादा समय तक देश पर शासन करने वाली कांग्रेस ने जनता के साथ धोखाधड़ी की है। यही वजह है कि जनता ने उसे नकार दिया है। आज की तारीख में देश में कांग्रेस की हालत बहुत खराब है। कांग्रेस नेता इस बात को स्वीकार कर रहे हैं कि यूपीए सरकार की जन विरोधी नीतियों की वजह से लोगों में बहुत गुस्सा है। देश को ऐसी सरकार की कोई जरूरत नहीं है जो जनता के हितों की अनदेखी करे।
अपने 36 मिनट के भाषण में यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा और भाजपा के बीच लड़ाई है। कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी लड़ाई में नहीं हैं। समाजवादी पार्टी अकेले भाजपा को रोकेगी। हम उत्तर प्रदेश में भाजपा के मंसूबों को पूरा नहीं होने देंगे। भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी कुछ भी कर लें उनका प्रधानमंत्री बनने का सपना पूरा नहीं होगा। गुजरात में दंगे करवाकर हजारों निर्दोष और मासूम लोगों की जान लेने वाले को माफ नहीं किया जा सकता है। मोदी ने मुसलमानों को अपमानित और बेइज्जत किया है। अब चुनाव के समय भाजपा और मोदी को मुसलमानों की याद आ रही है, मोदी को मुसलमानों की याद तब क्यों नहीं आई थी जब उनका कत्ल-ए-आम हो रहा था।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि हमारा लक्ष्य दिल्ली पर कब्जा करना है। दिल्ली पर जब तक गरीबों, मजदूरों समाजवादी पार्टी का कब्जा नहीं होगा तब तक गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, शोषितों, वंचितों को उनका अधिकार नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर गरीब सवर्णों को न्याय दिलाने के लिए सवर्ण आयोग का गठन किया जाएगा। सपा केंद्र की सत्ता में आने पर 17 अति पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल करेगी। उत्तर प्रदेश में सपा सरकार ने पिछले दो साल में विकास के जितने काम किए हैं उससे सूबे की जनता बेहद खुश है। लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी। सपा के बिना केंद्र में अगली सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस और भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा। देश के ज्यादातर राज्यों में तीसरे दलों की जीत होगी।
यादव ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस और भाजपा की जन विरोधी नीतियों से तंग आ चुकी है। लोग इन दोनों राष्ट्रीय दलों से छुटकारा पाना चाहते हैं। केंद्र में अगली सरकार तीसरे मोर्चे की बनेगी। तीसरे मोर्चे में शामिल दलों में जिस दल को सबसे ज्यादा सीटें मिलेगी उसका नेता प्रधानमंत्री बनेगा। इसलिए चुनाव में सपा के लिए एक-एक सीट बहुत महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश में पश्चिम से लेकर पूरब तक समाजवादी पार्टी के पक्ष में हवा है। उन्होंने कहा कि अभी तक उत्तर प्रदेश में तीन चरणों के चुनाव हो चुके हैं और चौथे चरण का चुनाव जारी है। हमें जो सूचनाएं मिल रही हैं उनके मुताबिक हर चरण में सपा की सीटें बढ़ रही हैं। सपा की नीतियों पर चलकर ही देश का समुचित विकास किया जा सकता है। समाजवादी पार्टी का लक्ष्य समाज के सबसे कमजोर शख्स के चेहरे पर मुस्कान लाना है।
0 comments:
Post a Comment
आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।