नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता योगेंद्र यादव ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। हरियाणा में खराब प्रदर्शन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए यादव ने अपने सभी पद छोड़ दिए। हालांकि पार्टी अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया। आम आदमी पार्टी की हरियाणा यूनिट के अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने भी अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा है कि उन्होंने राष्ट्रीय कार्यकारिणी से इस्तीफा दिया है लेकिन वह कार्यकर्ता के तौर पर काम करते रहेंगे। ऐसी खबरें हैं कि हरियाणा में पार्टी की हार की जिम्मेदारी को लेकर यादव और जयहिंद के बीच तनातनी चल रही थी। सूत्रों के मुताबिक दोनों एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे थे और इसी नाराजगी में दोनों ने इस्तीफा दिया। केजरीवाल ने योगेंद्र यादव का इस्तीफा नामंजूर कर दिया। योगेंद्र यादव और नवीन जयहिंद हरियाणा में पार्टी के उम्मीदवार और सबसे प्रमुख चेहरों में से थे। यादव ने गुड़गांव सीट से चुनाव लड़ा था जबकि नवीन जयहिंद रोहतक से पार्टी उम्मीदवार थे। दोनों ही अपनी-अपनी सीटों पर बुरी तरह से हार गए थे। दिल्ली में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद से ही हरियाणा में पार्टी को काफी लोकप्रियता मिल रही थी। उसके बाद से हरियाणा पार्टी की रणनीति का अहम हिस्सा बन गया था और पार्टी वहां बड़े स्तर पर चुनाव लड़ी थी। लेकिन राज्य में उसका प्रदर्शन बेहद खराब रहा। खुद अरविंद केजरीवाल पांचवें नंबर पर रहे। अब पार्टी ने हरियाणा में अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनावों में भी हिस्सा न लेने का फैसला किया है।
0 comments:
Post a Comment
आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।