ताज़ा ख़बर

मुलायम ने साधा मोदी पर जोरदार निशाना

मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी उम्मीदवार डॉ.एसटी हसन के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि मोदी ने गुजरात में निर्दोष लोगों का कत्ल-ए-आम करवाया है। दंगों में महिलाओं के साथ बहुत बुरा सलूक किया गया। जो इंसान महिलाओं की इज्जत और उनके मान-सम्मान की रक्षा न कर सके, उसे किसी भी कीमत पर हम देश का प्रधानमंत्री नहीं बनने देंगे। मोदी का प्रधानमंत्री बनना देश के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण होगा। मुरादाबाद के ऐतिहासिक जामा मस्जिद पार्क में जुटी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कमजोरी की वजह से भाजपा मजबूत हुई है। कांग्रेस ने भाजपा के सामने हथियार डाल दिए हैं। भाजपा को रोकने के लिए सिर्फ सपा लड़ रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा और कांग्रेस से नाराज है। इन पार्टियों के एजेंडे में देश की जनता के कल्याण के लिए न तो कोई योजना है और न ही कोई कार्यक्रम है। लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को बहुमत नहीं मिलेगा। चुनाव के बाद देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस तीसरे मोर्चे की खिल्ली उड़ाते फिर रहे हैं। हम बताना चाहते हैं कि तीसरे मोर्चे के गठन को लेकर दो बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में यह तय हो चुका है कि तीसरे मोर्चे के नेता का चुनाव नहीं होगा बल्कि तीसरे मोर्चे में शामिल दलों में जिस दल के पास सबसे ज्यादा सीटें होंगी, उसी दल का नेता प्रधानमंत्री बनेगा। मुलायम सिंह यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सबसे ज्यादा 80 सीटें हैं। इसलिए समाजवादी पार्टी सबसे ज्यादा सीटें जीत सकती है। सपा ने अगर सबसे ज्यादा सीटें जीतीं तो प्रधानमंत्री का पद आप समझ सकते हैं किसे मिलेगा। उन्होंने कहा कि सपा की भागीदारी में तीसरे मोर्चे की सरकार बनने पर देश संपूर्ण शिक्षा और गंभीर से गंभीर रोगों का इलाज मुफ्त होगा। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस पार्टी ने देश में तकरीबन 55 साल तक शासन किया, लेकिन किसानों और मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया। किसानों और मुसलमानों को भाई-भाई बताते हुए उन्होंने कहा कि यही लोग देश को सही मायने में आगे बढ़ा रहे हैं लेकिन बहुत दुख की बात है कि इन दोनों ही वर्गों के लोगों की हालत देश में सबसे ज्यादा खराब है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में नहरों और सरकारी नलकूपों से किसानों को मुफ्त सिंचाई की सुविधा दी है, किसानों के 1650 करोड़ रूपए के कर्जे माफ किए गए हैं। सपा सरकार ने नियम बनाया है कि उत्तर प्रदेश में किसानों की जमीन किसी भी कीमत पर नीलाम नहीं होगी। तीसरे मोर्चे की सरकार बनने पर ये सभी योजनाएं पूरे देश में लागू होंगी। कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार की गलत आर्थिक नीतियों की वजह से देश में महंगाई और बेरोजगारी बेतहाशा बढ़ी है। देश में महंगाई बढ़ने की एक बड़ी वजह यह है कि लोग बहुत अनाप-शनाप खर्च कर रहे हैं। जिन लोगों के पास पैसा है वे बेवजह फिजूल खर्ची कर रहे हैं। यूपीए के शासन में खूब घोटाले हुए हैं। बसपा प्रमुख मायावती पर निशाना साधते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि वह साम्प्रादियक शक्तियों से हाथ मिला चुकी हैं। बसपा और भाजपा के बीच आपस में मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि बसपा के शासन में उत्तर प्रदेश में बहुत घोटाले हुए हैं। अगर इन घोटालों की जांच करा दी जाये तो मायावती को जेल जाना पड़ जाएगा। अभी जैसे ही सपा सरकार जांच शुरू करवाएगी तो कहा जाएगा कि हम बदले की भावना से कार्रवाई कर रहे हैं। इसलिए सपा सरकार उनके खिलाफ कोई जांच नहीं करवाएगी। लेकिन इतना तय है कि एक न एक दिन उनको जेल जाना ही पड़ेगा। लोकसभा चुनाव में बसपा कहीं भी लड़ाई में नहीं है।
  • Blogger Comments
  • Facebook Comments

0 comments:

Post a Comment

आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।

Item Reviewed: मुलायम ने साधा मोदी पर जोरदार निशाना Rating: 5 Reviewed By: newsforall.in