सैफई (इटावा)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि कांग्रेस अगर वाकई में भाजपा जैसी साम्प्रदायिक पार्टी को रोकना चाहती है तो उसे चुनाव बाद केंद्र में बनने वाली तीसरे मोर्चे की सरकार के गठन में मदद करनी चाहिए। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वैसे तो तीसरे मोर्चे की सरकार के गठन में कोई समस्या नहीं आएगी क्योंकि देश के दो तिहाई से ज्यादा राज्यों में तीसरे दलों की जीत होने जा रही है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कमजोरी की वजह से भाजपा देश में मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांव सैफई में वोट डालने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि देश में केवल समाजवादी पार्टी ही भाजपा, आरएसएस और विश्व हिन्दू परिषद जैसी साम्प्रदायिक ताकतों से लड़ रही है। कांग्रेस ने तो साम्प्रदायिक शक्तियों के सामने हथियार डाल दिए हैं। कांग्रेस को देश के लोगों की जनभावनाओं को समझते हुए चुनाव बाद केंद्र में बनने वाली तीसरे मोर्चे की सरकार के गठन में मदद करनी चाहिए। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि तीसरा मोर्चे में शामिल दल चुनाव में इतनी सीटें जीत लेंगें कि किसी और की मदद की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि विकास का असली मॉडल उत्तर प्रदेश मॉडल है। इसीलिए सपा सरकार की नीतियां और कार्यक्रम लोगों को बहुत पसंद आ रहे हैं। हमें बहुत खुशी है कि कुछ राज्यों ने अपने यहां सपा सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों को लागू किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को लोकतंत्र और देश के संविधान में यकीन नहीं है। भाजपा के नेता लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सपा की बहुमत वाली सरकार को बर्खास्त करने की धमकी दे रहे हैं। उन्हें शायद यह नहीं पता कि न तो भाजपा सत्ता में आएगी और न ही मोदी का पीएम बनने का सपना पूरा हो पाएगा।
0 comments:
Post a Comment
आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।