नयी दिल्ली/हुबली। श्रीराम सेना के विवादित प्रमुख प्रमोद मुतालिक को पार्टी में शामिल करने के लिए चौतरफा आलोचना से घिरी भाजपा कुछ ही घंटों के बाद उनसे पिंड छुड़ा लिया। यानी भाजपा में सुबह ‘श्रीराम’, शाम को ‘हे राम’ हो गया। मुतालिक पर विपक्षी दलों के साथ गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर के कड़े विरोध के बाद पार्टी को इस फैसले पर पुनर्विचार करना पड़ा और आखिरकार मुतालिक की पार्टी सदस्यता खारिज कर दी गई। पार्टी की नेता निर्मला सीतारमण ने भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश भाजपा इस बारे में जल्द ही नोटिस जारी करेगी। दरअसल, भाजपा को मुतालिक पर विपक्षी दलों के साथ-साथ पार्टी के अंदर भी भारी विरोध के कारण यू-टर्न लेना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक इसको लेकर गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर खासे नाराज थे। उन्होंने इस बाबत पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह को फोन भी किया था। सूत्रों के मुताबिक इसके बाद नितिन गडकरी, अरुण जेटली और राजनाथ सिंह के बीच इस पर फोन पर चर्चा हुई।
0 comments:
Post a Comment
आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।