लखनऊ। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता कुमार विश्वास की प्रेस कांफ्रेंस में शनिवार को लखनऊ में हंगामा हो गया। सूत्रों के मुताबिक, कुमार विश्वास पत्रकारों का जवाब दे रहे थे, तभी एक युवक ने उनके खिलाफ नारेबाजी करने लगा। इस वजह से वहां अफरातफरी मच गई। युवक का नाम सैफ जाफरी बताया जा रहा है। उसने खुद को मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड का सदस्य बताया है। उसने बताया कि वह कुमार विश्वास के उस बयान का विरोध कर रहा है, जो उन्होंने हिंदू व मुस्लिम धर्म के खिलाफ दिए थे। सैफ जाफरी नगीना के मोहल्ला सब्जी मंडी का रहने वाला है। वह मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड में सदस्य रह चुका है। एक समय उसने खुद ही समाजवादी चिल्ड्रन ब्रिगेड नाम की संस्था की स्थापना की थी।
सैफ जाफरी ने लाला राधेश्याम अकादमी में पढ़ाई के दौरान राजनैतिक गतिविधियों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। चार वर्ष पूर्व उसने समाजवादी चिल्ड्रन ब्रिगेड नाम की संस्था भी बनाई थी। वर्तमान में सैफ कोटद्वार (उत्तराखंड) से बीए कर रहा है। उधर, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष साईम राजा ने कहा कि सैफ जाफरी पूर्व में उनकी कार्यकारिणी में सदस्य था। इस समय कार्यकारिणी भंग है। इससे पहले, कुमार विश्वास ने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया। शनिवार को उन्होंने यहां कहा कि सूबे में लोहिया का समाजवाद आंसू बहा रहा है। सपा समाजवाद के नाटक तक सीमित है। प्रदेश की 50 लोकसभा सीटों पर आप के उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे।
वह शताब्दी एक्सप्रेस से लखनऊ जाते वक्त कानपुर सेंट्रल पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा, मुजफ्फरनगर दंगों में मारे गए लोगों के साथ ही समाजवादी डॉ.राम मनोहर लोहिया, जनेश्वर मिश्र व मोहन सिंह की आत्माएं सैफई के जश्न पर आंसू बहा रही होंगी। दंगों में कराह रही जनता के जख्मों पर मरहम लगाने के स्थान पर नाच-गाने में करोड़ों रुपये लुटाये जा रहे हैं। सूबे की जनता के सामने समाजवाद का असली चेहरा आ गया है।
लोहिया पार्टी को अपना परिवार बताते थे पर सपा सुप्रीमो परिवार को ही पार्टी समझते हैं। उन्होंने कहा, आप पर जितने हमले होंगे, हम उतने ही मजबूत होंगे। उन्होंने अमेठी में जन विश्वास रैली में भीड़ जुटाने की हुंकार भरी। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने सेंट्रल पर उनका ढोल-नगाड़ों के बीच स्वागत किया। इसमें काफी धक्कामुक्की भी हुई। (साभार)
0 comments:
Post a Comment
आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।