ताज़ा ख़बर

मेयर के छह पदों पर कड़ा मुकाबला

देहरादून। कांग्रेस और भाजपा ने नामांकन के आखिरी दिन शुक्रवार को देहरादून, हरिद्वार और रुड़की नगर निगमों में मेयर पद के प्रत्याशी घोषित कर मुकाबले की तस्वीर साफ कर दी है। नए बने पांच नगर निगमों हरिद्वार, रुड़की, हल्द्वानी, काशीपुर और रुद्रपुर में पहली बार हो रहे चुनाव में सभी दलों ने नए चेहरों को तरजीह दी। राजधानी दून की प्रतिष्ठित नगर निगम सीट पर जिद्दोजहद रहने के कारण दोनों दलों ने सबसे बाद में प्रत्याशी घोषित किए। भाजपा ने मौजूदा मेयर विनोद चमोली पर दोबारा दांव खेला है, वहीं कांग्रेस ने नए चेहरे सूर्यकांत धस्माना को मौका दिया। प्रदेश सरकार के सहयोगी दल बसपा ने हल्द्वानी को छोड़कर शेष पांच निगमों में प्रत्याशी खड़े कर चुनावी मुकाबले को त्रिकोणीय धार दे दी। रुद्रपुर नगर निगम में मेयर पद पर बीते रोज घोषित प्रत्याशी विमला सागर को बदलकर अब सोना सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है। निकायों की चुनावी जंग में एकदूसरे पर कड़ी नजर रख रही सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्ष भाजपा ने देहरादून, हरिद्वार और रुड़की के मेयर प्रत्याशियों को लेकर पत्ते सबसे आखिर में खोले। सबसे ज्यादा मशक्कत देहरादून नगर निगम प्रत्याशी को लेकर हुई। दोनों दलों के प्रत्याशी घोषित होने के बाद मुकाबले को लेकर कुहासा भी छंट गया। भाजपा ने सिटिंग मेयर विनोद चमोली को दोबारा मैदान पर उतारा है। वहीं कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के करीब दस मिनट बाद ही प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना को उम्मीदवार घोषित कर दिया। इस सीट पर बसपा रजनी रावत को पहले ही बतौर प्रत्याशी मैदान में उतार चुकी है। उक्रांद की ओर दून में मेयर पद के लिए जयप्रकाश उपाध्याय और मदनमोहन लखेड़ा ने नामांकन कराया। हरिद्वार नगर निगम में संजय महंत उर्फ ऋषिश्वरानंद कांग्रेस प्रत्याशी बनाए गए हैं। भाजपा ने इस सीट पर मनोज गर्ग को प्रत्याशी घोषित किया है। बसपा के प्रत्याशी इरफान अली हैं। रुड़की नगर निगम मेयर प्रत्याशी चयन में क्षेत्रीय विधायक प्रदीप बत्रा की राय को तवज्जो देते हुए रामकुमार अग्रवाल को चुनावी जंग में उतारा गया। भाजपा ने इस सीट पर महेंद्र काला की उम्मीदवारी तय की है। बसपा इस सीट के लिए अख्तरी बेगम को प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। ऊधमसिंहनगर जिले के काशीपुर नगर निगम मेयर सीट पर कांग्रेस ने रुखसाना अंसारी, भाजपा ने शिक्षा चौधरी, बसपा ने सीमा वर्मा और रुद्रपुर नगर निगम मेयर सीट पर कांग्रेस ने ममता रानी, भाजपा ने सोनी कोहली, बसपा ने सोना सिंह को प्रत्याशी बनाया। उक्त पांचों सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय नजर आ रहा है। हल्द्वानी नगर निगम मेयर सीट पर कांग्रेस के हेमंत बगड़वाल और भाजपा के जोगेंद्र रौतेला आमने-सामने हैं। (साभार)
  • Blogger Comments
  • Facebook Comments

0 comments:

Post a Comment

आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।

Item Reviewed: मेयर के छह पदों पर कड़ा मुकाबला Rating: 5 Reviewed By: newsforall.in