ताज़ा ख़बर

नरेन्द्र मोदी ने अच्छे दिन का सपना दिखाकर देश की जनता को बदहाल कर दियाः राहुल गांधी

प्रियंका गांधी ने किया पीएम मोदी पर करारा हमला, कहा-‘यूपी को किसी बाहरी को गोद लेने की जरूरत नहीं’ 
रायबरेली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने रायबरेली में एक साथ रैली को संबोधित किया। राहुल ने यहां कहा कि हम बस तीन चीजें चाहते हैं...किसानों का कर्जा माफ, बिजली बिल हाफ, जो उगाते हैं उसके लिए सही दाम। जब में किसानों के कर्ज को लेकर मैंने पीएम मोदी से मुलाकात की तो मैंने मोदी जी से कहा कि किसान चाहता है उनका कर्जा माफ हो, मोदी जी का जवाब था (लंबी खामोशी)... मोदी जी ने एक शब्द भी नहीं कहा। पीएम मोदी ने दिल वाले दुल्हिनयां ले जाएंगे की तरह अच्छे दिन का सपना दिखाया, लेकिन ढाई साल बाद शोले की तरह गब्बर सिंह आ गया। राहुल ने जीआईसी मैदान में आयोजित रैली में कहा कि मोदी जहां भी जाते हैं, कुछ ना कुछ वादा करके आ जाते हैं। वर्ष 2014 में मोदी आये और देश के सामने एक पिक्चर बनायी। आपको शाहरख खान की फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' तो याद ही होगी। उसमें भी अच्छे दिन की बात थी। मोदी ने भी वैसी ही पिक्चर बनायी और कहा कि सबकुछ साफ हो जाएगा, हिन्दुस्तान चमकेगा। क्या ऐसा हुआ..नहीं, उल्टे ढाई साल बाद शोले का गब्बर आ गया। राहुल के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी भी मंच पर नजर आयीं। इस बार विधानसभा चुनाव में वह पहली बार प्रचार के मैदान में उतरीं। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि मोदी जहां जाते हैं, रिश्ता बनाते हैं। वाराणसी गये तो कहा कि गंगा मेरी मां है, मैं वाराणसी का बेटा हूं और कहा कि वाराणसी को बदल दूंगा, गंगा को साफ कर दूंगा। अरे मोदी जी..रिश्ता बताने से नहीं निभाने से बनता है। मीडिया जरा मोदी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी का हाल देश की जनता को दिखाये। केन्द्र की भाजपानीत सरकार के स्वच्छता अभियान पर तंज करते हुए उन्होंनने कहा कि मोदी ने कहा कि हिन्दुस्तान में बहुत कचरा है। सफाई करनी है। मैं अमेरिका जा रहा हूं ओबामा जी से मिलने। तुम लोग झाडू़ उठा लो। मैं वापस आउंगा तो रिपोर्ट कार्ड मांगूंगा। हो गयी सफाई, क्या हिन्दुस्तान साफ हो गया। नोटबंदी के मुद्दे पर भी मोदी पर हमला करते हुए राहुल ने कहा कि मोदी जी आठ नवम्बर को खड़े होते हैं और कहते हैं कि माताओं-बहनों, कांग्रेस ने बहुत दबाव डाल दिया है। हम पर सूटबूट का इल्जाम लगा दिया है। अब मुझे एक नया आइडिया आया है। आपने जो थोड़ी-थोड़ी बचत की है, उसे मैं अब कागज में बदलना चाहता हूं। जाओ, सब बैंक के सामने लाइन में खड़े हो जाओ। फिर कहते हैं कि भ्रष्टाचार के खिलाफ मेरी लड़ाई है। बताइये कि क्या उस लाइन में कोई सूटबूट वाला खड़ा था। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि मोदी ने उद्योगपति विजय माल्या को 1200 करोड़ रुपये कर्ज की टॉफी खिलायी। मोदी गरीब और मेहनतकश को कर्ज देने के बजाय ‘माल्या जैसे चोर’ को पैसा देते हैं। मोदी की सरकार हमें 50 हजार का कर्ज नहीं देती और माल्या जैसे लोगों की जेब में हजारों करोड़ रुपये डाल देती है। उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने पर किसानों का कर्ज माफ करने के भाजपा के चुनावी वादे पर कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि मैंने मोदी से किसानों की कर्जमाफी का आग्रह किया था लेकिन उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकला। उत्तर प्रदेश में चुनाव आया तो कहते हैं कि यहां भाजपा की सरकार बनते ही मोदी किसानों का कर्ज माफ कर देगा। आपको याद होगा कि कांग्रेस ने 70 हजार करोड़ रुपये कर्ज माफ किया था। उस समय केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी। राहुल ने कहा कि मोदी को अगर कर्ज ही माफ करना है तो वह 15 मिनट में ऐसा कर सकते हैं। मगर, वह तो सौदा करने आये हैं। किसान दब जाए या मर जाए, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि वह यहां फूड पार्क लगाना चाहते थे। आज रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर और मोहनलालगंज का किसान मण्डी में सामान बेचता है। हम चाहते थे कि यहां का किसान सीधा फैक्ट्री में माल बेचे। अगर ऐसा होता तो अमेरिका में राष्ट्रपति पिपरमिंट खाते और उस पर मेड इन रायबरेली लिखा होता। राहुल ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री ने रायबरेली को फूड पार्क दिया होता तो कितना अच्छा होता। मगर उन्होंने युवाओं का रोजगार, उनका भविष्य छीना। उनसे आपको बदला लेना होगा। उन्होंने कहा कि मोदी ‘मेक इन इंडिया’ की बात करते हैं लेकिन उसकी कोई तैयारी नहीं है. आप उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस की युवाओं की सरकार लाइये। हम ‘मेड इन यूपी’ बनाएंगे। अमेठी का टमाटर, कन्नौज का इत्र, मिर्जापुर का कालीन, फिरोजाबाद का कांच, बाराबंकी का पिपरमिंट, इन सबको हम विदेश में पहचान दिलाएंगे।
प्रियंका गांधी ने किया पीएम नरेन्द्र मोदी पर करारा हमला, कहा-‘यूपी को किसी बाहरी को गोद लेने की जरूरत नहीं’ 
कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने खुद को उत्तर प्रदेश का ‘गोद लिया हुआ बेटा’ बताने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज करते हुए कहा कि इस सूबे को बाहर से किसी को गोद लेने की कोई जरूरत नहीं है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार में अपनी पहली जनसभा में प्रियंका ने कहा कि मोदी जी खुद को उत्तर प्रदेश का गोद लिया हुआ बेटा बताते हैं। मैं पूछती हूं कि क्या इस प्रदेश को बाहर से किसी को गोद लेने की जरूरत है, क्या यहां नौजवान नहीं हैं। राहुल जी और अखिलेश जी के दिल में, उनकी जान में उत्तर प्रदेश है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को किसी बाहरी नेता की जरूरत नहीं है। यहां का एक-एक नौजवान नेता बन सकता है। यहां का एक-एक नौजवान इस प्रदेश का नया निर्माण कर सकता, नया विकास कर सकता है। यही अखिलेश जी, राहुल की और हम सबकी आशा है कि आज इस प्रदेश में एक नया दौर आए। सब मिलकर काम करें। गठबंधन को आगे बढ़ाएं, जिताएं, ताकि ये सब खोखली बातें खत्म हो जाएं। बछरावां विधानसभा क्षेत्र के महराजगंज कस्बे के बबुरिहा में आयोजित जनसभा में प्रियंका ने दावा किया कि सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रदेश में विधानसभा की 300 सीटें जीत रहा है। प्रियंका ने कहा कि मैं औरत हूं और मैं इस देश की करोड़ों महिलाओं की तरफ से कहना चाहती हूं कि हमने हमेशा जोड़ने की कोशिश की है। हमारी बेटियों, महिलाओं पर किसने अत्याचार किया है। नोटबंदी करके आपकी बचत को खत्म किया। मैं सिर्फ यह कहना चाहती हूं कि हमने अब बहुत से कोरे वादे सुन लिये। उन्होंने कहा कि मोदी तीन साल से प्रधानमंत्री हैं, वाराणसी की जनता से पूछिये कि उन्होंने उसके लिये क्या किया। अमेठी की जनता से पूछिये कि राजीव गांधी जब प्रधानमंत्री थे तो उन्होंने जो तय किया, वह किया। प्रियंका ने कहा कि जो आपके लिये काम करना चाहता है, उसको पहचानिये। इस गठबंधन को मजबूत बनाइये, ताकि आगे बढ़कर यह प्रदेश मजबूत बने और इसका विकास हो।
राजीव रंजन तिवारी, फोन- 8922002003
  • Blogger Comments
  • Facebook Comments

0 comments:

Post a Comment

आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।

Item Reviewed: नरेन्द्र मोदी ने अच्छे दिन का सपना दिखाकर देश की जनता को बदहाल कर दियाः राहुल गांधी Rating: 5 Reviewed By: newsforall.in