ताज़ा ख़बर

शेयर बाजार में तीन माह की सबसे बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 538 अंक टूटा

मुंबई। बंबई शेयर बाजार का सूचकांक सोमवार को 537.55 अंक लुढ़ककर 26,000 अंक के नीचे आ गया। सेंसेक्स में यह तीन महीने से अधिक समय की सबसे बड़ी गिरावट है। चीन की अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता तथा पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण यह गिरावट दर्ज की गई। भारी बिकवाली के बीच बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 100 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े से नीचे आ गया। इस गिरावट से निवेशकों को 1.54 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। घरेलू विनिर्माण क्षेत्र में उत्पादन 28 महीने के निम्न स्तर पर आने तथा रुपये की विनिमय दर में गिरावट से भी बिकवाली गतिविधियां बढ़ी। लंबे अवकाश के बाद खुले एशिया के अन्य बाजारों में भी गिरावट का रुख रहा। एक निजी सर्वे में चीन में औद्योगिक उत्पादन में लगातार पांचवें महीने गिरावट की खबर का असर एशियाई बाजारों पर पड़ा। इसके परिणामस्वरूप शंघाई सूचकांक 7.0 प्रतिशत से अधिक नीचे आ गया और उसके बाद कारोबार को रोका गया। 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में पूरे दिन गिरावट रही और अंत में यह 537.55 अंक या 2.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,623.35 अंक पर बंद हुआ। 22 सितंबर के बाद सेंसेक्स का यह न्यूनतम स्तर है। पिछले दो सत्रों में सेंसेक्स करीब 201 अंक मजबूत हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 171.90 अंक या 2.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,791.30 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 7,937.55 से 7,781.10 अंक के दायरे में रहा। इससे पहले, किसी एक दिन में सर्वाधिक गिरावट 1 सितंबर को हुई थी। उस दिन निफ्टी में 185.45 अंक की गिरावट दर्ज की गई थी।
  • Blogger Comments
  • Facebook Comments

0 comments:

Post a Comment

आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।

Item Reviewed: शेयर बाजार में तीन माह की सबसे बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 538 अंक टूटा Rating: 5 Reviewed By: newsforall.in