ताज़ा ख़बर

पहले भाजपा का नाश किया, अब विनाश करेंगेः मुलायम

संभल। लोकसभा सीट से सपा उम्मीदवार शफीकुर रहमान बर्क के समर्थन में आयोजित जनसभा में मुलायम सिंह यादव ने कहा कि साम्प्रदायिकता की राजनीति करने वाली भाजपा का हमने पहले भी विनाश किया है और फिर उसका विनाश करेंगे। भाजपा के लोग झूठा प्रचार कर रहे हैं कि देश में चारों तरफ उसकी लहर है। देश में कहीं भी भाजपा की लहर नहीं है। भाजपा की जो लहर दिखाई पड़ रही है वो मीडिया की बनाई हुई है। भाजपा अपना चुनाव मीडिया के जरिए लड़ रही है जबकि सपा अपना चुनाव कार्यकर्ताओं के बलबूते लड़ रही है। उन्होंने कहा कि हम रैलियों के मुकाबले में भाजपा को पहले ही हरा चुके हैं। अब चुनाव में भी भाजपा को हराएंगे। सपा प्रमुख ने कहा कि नरेंद्र मोदी का गुजरात मॉडल देश की जनता के साथ धोखा है। सच्चाई यह है कि गुजरात विकास के मामले में बहुत पीछे हैं। गुजरात की नदियां देश में सबसे ज्यादा गंदी हैं। गुजरात की 90 फीसदी महिलाएं और 89 फीसदी पुरुष मजदूर असंगठित क्षेत्र में काम कर रहे हैं। गुजरात की 50 फीसदी महिलाएं कुपोषण की शिकार हैं। क्या मोदी बताएंगे कि उत्तर प्रदेश की तरह उनके राज्य में सभी मरीजों का मुफ्त इलाज, कन्या विद्या धन योजना, 108 एंबुलेंस सेवा योजना, गर्भवती महिलाओं के लिए 102 विशेष एंबुलेंस सेवा योजना, लैपटॉप वितरण योजना, बेरोजगारी भत्ता योजना, किसानों के लिए नहरों और सरकारी नलकूपों से सिंचाई की मुफ्त योजना लागू है। मुलायम ने कहा कि मोदी को गुजरात में ये योजनाएं लागू करने में 20 साल लग जाएंगे जबकि उत्तर प्रदेश की सपा सरकार ने ये सभी योजनाएं महज दो साल में लागू की हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार की नीति और नीयत साफ है। हमने जनता से जो वादे किए थे, सभी को पूरा कर दिया है। सपा प्रमुख ने कहा कि अगले शिक्षण सत्र से उत्तर प्रदेश में संपूर्ण पढ़ाई मुफ्त होगी। केंद्र में तीसरे मोर्चे की सरकार बनते ही पूरे देश में संपूर्ण पढ़ाई और मरीजों के गंभीर से गंभीर रोगों के मुफ्त इलाज की योजना को लागू कर दिया जाएगा। लोग शिक्षित और स्वस्थ होंगे तो देश मजबूत होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर समाजवादी पार्टी के प्रत्याषियों को जिताने की अपील की और मतदाताओं को साम्प्रदायिकता के खतरे से सावधान रहने का आह्वान किया।
  • Blogger Comments
  • Facebook Comments

0 comments:

Post a Comment

आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।

Item Reviewed: पहले भाजपा का नाश किया, अब विनाश करेंगेः मुलायम Rating: 5 Reviewed By: newsforall.in