ताज़ा ख़बर

उत्तर प्रदेश में चलेगी सपा की सियासी आंधीः अखिलेश

बिधूना (औरेया)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की आंधी चलेगी। दूसरे दलों का कहीं अता-पता नहीं चलेगा। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी। सूबे की जनता पूरी तरह समाजवादी पार्टी के साथ है। चुनाव के बाद केंद्र में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी। तीसरे मोर्चे की सरकार में सपा सबसे बड़ा दल होगी। कन्नौज लोकसभा सीट से सपा उम्मीदवार डिम्पल यादव के समर्थन में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दो चरण हो चुके हैं। मुझे जो जानकारियां मिली हैं उस हिसाब से समाजवादी पार्टी पहले और दूसरे चरण में बहुत सारी सीटें जीतने जा रही है। तीसरे, चैथे, पांचवें और छठे चरण में भी समाजवादी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। सपा सरकार ने पिछले दो वर्षों में विकास के जितने काम किए हैं, उतने पिछले 30 सालों में नहीं हुए। हमारी सरकार का लक्ष्य हर शख्स को खुशहाल बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा को लोकतंत्र और देश के संविधान में यकीन नहीं है। भाजपा के नेता लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सपा की बहुमत वाली सरकार को बर्खास्त करने की धमकी दे रहे हैं। भाजपा का केंद्र की सत्ता किसी भी तरह से देश के हित में नहीं होगा। भाजपा के सामने कांग्रेस ने हथियार डाल दिए हैं। देश में समाजवादी पार्टी अकेला दल है जो भाजपा जैसे साम्प्रदायिक दल से लड़ रहा है। समाजवादी पार्टी अकेले भाजपा को रोकेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा। केंद्र में अगली सरकार तीसरे मोर्चे की बनेगी। तीसरे मोर्चे की सरकार में सपा सबसे बड़ा दल होगी। देश के ज्यादातर राज्यों में तीसरे दलों की जीत होने जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश पर सबसे ज्यादा 55 वर्षों तक शासन किया, लेकिन उसने जनता की भलाई के लिए काम नहीं किया। इसीलिए जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। चुनाव में कांग्रेस की करारी हार होगी।
  • Blogger Comments
  • Facebook Comments

0 comments:

Post a Comment

आपकी प्रतिक्रियाएँ क्रांति की पहल हैं, इसलिए अपनी प्रतिक्रियाएँ ज़रूर व्यक्त करें।

Item Reviewed: उत्तर प्रदेश में चलेगी सपा की सियासी आंधीः अखिलेश Rating: 5 Reviewed By: newsforall.in